ब्रेकिंग न्यूज
logo
add image
Blog single photo

भाजयुमो राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा , पहली बार मध्य प्रदेश से एक भी चेहरा नहीं

भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने बुधवार को अपनी टीम का ऐलान कर दिया है, लेकिन मध्य प्रदेश से एक भी युवा नेता को शामिल नहीं किया। ऐसा पहली बार हुआ है, जब यहां से राष्ट्रीय कार्यकारिणी में किसी को जगह नहीं दी गई। बताया जाता है, प्रदेश संगठन ने युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडे सहित 4 नाम भेजे थे, लेकिन तय पैरामीटर में एक भी फिट नहीं हुआ।

बीजेपी युवा मोर्चा के अध्यक्ष व सांसद तेजस्वी सूर्या ने 7 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री और 7 मंत्री सहित कुल 22 पदाधिकारियों की घोषणा की है। सूर्या ने अपनी टीम में बंगाल से विधायक अनूप साहा और महाराष्ट्र से विधायक राम सतपुते को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी दी गई है। 22 पदाधिकारियों की सूची के मुताबिक 7 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में उत्तर प्रदेश के अलावा पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा और उत्तराखंड से 1-1 नेता को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, तो महाराष्ट्र से 2 को इस पद पर लाया गया है। मध्य प्रदेश से एक भी पदाधिकारी नहीं बनाया है।

क्यों नहीं मिला मध्य प्रदेश के युवाओं को स्थान

पार्टी सूत्रों ने इसकी एक वजह यह भी बताई कि संगठन से नाम भेजे जाने के बाद किसी बड़े नेता ने केंद्रीय नेतृत्व के सामने दबाव नहीं बनाया। यह भी कहा जा रहा है कि उम्र के क्राइटेरिया के चलते चारों नाम विचार विमर्श के बाद बाहर किए गए हैं। प्रदेश से वर्ष 1994 से  1997  तक पुर्व मुख्यमंत्री उमा भारती राष्ट्रीय अध्यक्ष रही। वर्ष 2000 से वर्ष 2002 तक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। यही नही पिछले 11 साल तक राहुल कोठारी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विभिन्न पदों पर रहे। कोठारी 2010 से 2013 तक राष्ट्रीय मंत्री रहे। इसके बाद राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और महामंत्री का पद उन्हें मिला। कोठारी के अलावा रीवा के गौरव तिवारी भी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री रह चुके हैं।

कैसे होगी मध्यप्रदेश में यूथ लीडरशिप डेवलप


एक तरफ बीजेपी मध्य प्रदेश में यूथ लीडरशिप को डेवलप करना चाहती है, दूसरी तरफ युवाओं को आगे बढ़ाने का मौका नहीं मिल पा रहा है। देखा जाये तो अभी तक मध्य प्रदेश ने उमा भारती और शिवराज सिंह चौहान युवा मोर्चा को राष्ट्रीय अध्यक्ष दिए हैं। जो आगे चल कर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग भी युवा मोर्चा की राष्ट्रीय टीम में रह चुके हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी युवा मोर्चा में राष्ट्रीय पदाधिकारी रह चुके हैं। परंतु यह पहला मौका है जब नई कार्यकारिणी में मध्य प्रदेश से एक भी युवा नेता राष्ट्रीय पदाधिकारी नहीं है। 

6 पद खाली , उसमें मिल सकता है मौका

 राष्ट्रीय कार्यकारिणी में करीब 6 पद खाली रखे गए हैं, जिसमें मध्य प्रदेश से युवाओं की नियुक्ति की जा सकती है। परंतु पहली पारी में नकारना सवाल खड़े करता है।

ताजा टिप्पणी

टिप्पणी करे

Top