ब्रेकिंग न्यूज
logo
add image
Blog single photo

‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना : पोहा क्लस्टर के लिए कलेक्टर की उद्योगपतियों से चर्चा, पोहा फैक्टरी का अवलोकन

उज्जैन 08 जनवरी। ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना के तहत उज्जैन जिले में ‘पोहा’ निर्माण का क्लस्टर बनाने हेतु सैद्धान्तिक रूप से चयन किया गया है। इस सम्बन्ध में कलेक्टर आशीष सिंह ने आज मक्सी रोड स्थित उद्योग भारती के कार्यालय में जाकर पोहा निर्माता उद्योगपतियों से चर्चा की।

कलेक्टर ने उद्योगपतियों से पोहा निर्माण, इसमें लगने वाले कच्चे माल तथा कितने लोगों को रोजगार दिया जा सकता है, इस पर जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने उज्जयिनी पोहा ब्राण्ड की पहचान देश-विदेश में बनाने के लिये जीआई टैग प्राप्त करने की प्रक्रिया को भी समझा तथा कहा कि सैद्धान्तिक रूप से उज्जैन जिले में एक जिला एक उत्पाद के तहत ‘पोहा’ का चयन किया गया है। आगामी दिनों में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का उज्जैन में दौरा प्रस्तावित है। इसी दौरान उज्जैन जिले में पोहा क्लस्टर बनाने हेतु प्रजेंटेशन देकर इसकी शासन स्तर से मंजूरी का प्रयास किया जायेगा। उद्योग संघ से हुई चर्चा में महाप्रबंधक उद्योग एआर सोनी, उद्योग भारती एवं लघु उद्योग भारती के सर्वश्री उल्लास वैद्य, नीलेश चन्दन, अभिषेक जैन, दीपक एवं संरक्षक ईश्वर पटेल सहित उद्योगपति मौजूद थे।

गुजरात से आता है धान, 200 टन प्रतिदिन बनता है पोहा

पोहा निर्माता दीपक ने बताया कि पोहा निर्माण के रॉ मटेरियल, जिनमें धान प्रमुख है, गुजरात से आता है। धान की क्लिनिंग, ग्रेडिंग एवं निर्माण प्रक्रिया से परोक्ष-अपरोक्ष रूप से 25 से 50 लोगों को एक इकाई से स्थाई रोजगार मिलता है। उन्होंने बताया कि ईंधन के मामले में सभी पोहा निर्माता पीएनजी पर शिफ्ट हो गये हैं। उज्जैन शहर में लगभग 40 से 45 पोहा निर्माण की यूनिट चल रही है। चर्चा के दौरान पोहा व्यवसाईयों की ओर से ईश्वर पटेल ने बताया कि उज्जयिनी पोहा विभिन्न प्रदेशों में जाता है। प्रतिदिन 200 टन पोहे का निर्माण उज्जैन में होता है। इसकी बिक्री होल सेलर के माध्यम से की जाती है तथा पोहा फैक्टरी से भी कुछ लोग रिटेल में लेकर जाते हैं। उल्लेखनीय है कि उज्जैन में निर्मित किया गया पोहा देश में इन्दौरी पोहा के नाम से बिकता है। जबकि फ्यूचर ग्रुप के मॉल्स में, रिलायंस के मार्ट में उज्जयिनी पोहा के नाम से भी बिकता है। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक जैन ने किया एवं आभार अमित हेड़ा ने प्रकट किया।

पोहा फैक्टरी का अवलोकन

कलेक्टर आशीष सिंह ने बैठक के बाद मक्सी रोड स्थित डॉल्फिन ब्राण्ड पोहा फैक्टरी का अवलोकन किया एवं पोहा बनाये जाने की प्रक्रिया को समझा। फैक्टरी के प्रबंधक संचालक दीपक ने धान से छीलका उतारने, इसके बाद पोहा बनाने की विभिन्न प्रक्रियाओं तथा पैकिंग की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

ताजा टिप्पणी

टिप्पणी करे

Top